24 घंटे में खुलासे का दम भरने वाली पुलिस 21 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई शराब तस्कर, छोटी दीपावली पर हुआ था फरार, किस ठेके और कब से हो रही तस्करी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। 24 घंटे के भीतर बड़े-बड़े मामलों का खुलासा करने का दावा करने वाली पौड़ी पुलिस 21 दिन बाद भी एक शराब तस्कर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। छोटी दीपावली के दिन पुलिस के सामने से स्कूटी लेकर फरार हुआ शराब तस्कर आज तक पुलिस और आबकारी विभाग की पकड़ से बाहर है। आखिर ऐसा क्या कारण है कि 21 दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग तस्कर तक नहीं पहुंच पाए? क्या शराब तस्कर को किसी का संरक्षण प्राप्त है या फिर उसे पकड़ने में विभाग की कोई दिलचस्पी ही नहीं है?

दरअसल, छोटी दीपावली की शाम एक शराब तस्कर कथित तौर पर शराब के ठेके से स्कूटी पर दो पेटी शराब रखकर डिलीवरी के लिए जा रहा था। इसी दौरान झंडाचौक से मालगोदाम जाने वाली सड़क पर अचानक उसकी स्कूटी पुलिस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के चलते स्कूटी पर रखी दो पेटियों में से एक पेटी सड़क पर गिर गई और उसमें रखे शराब के पव्वे सड़क पर बिखर गए। त्योहार के चलते सड़क पर भीड़ मौजूद थी। इसी बीच तस्कर पुलिस के सामने से ही स्कूटी लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने सड़क पर गिरी शराब की पेटी को कब्जे में ले लिया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना को 21 दिन बीत चुके हैं और कथित शराब तस्कर का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। न पुलिस उसे गिरफ्तार कर पाई और न ही आबकारी विभाग उसकी तलाश पूरी कर सका।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब तस्कर पुलिस के सामने से फरार हुआ था तो क्या उसकी स्कूटी का नंबर, शराब के ठेके से जुड़ी जानकारी और अन्य सुराग पुलिस के पास नहीं होंगे? आखिर 21 दिनों में इन सुरागों के आधार पर जांच कहां तक पहुंची? जिस ठेके से शराब की पेटियां लेकर तस्कर निकला था, उसकी भूमिका की जांच हुई या नहीं? शराब की डिलीवरी कहां होनी थी और इस तरह की तस्करी कब से चल रही थी?

एक तरफ पुलिस अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और 24 घंटे में खुलासे का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ खुलेआम शराब लेकर जा रहा व्यक्ति पुलिस के सामने से फरार हो जाता है और तीन सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाती। ऐसे में पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है।

अब जनता जानना चाहती है कि आखिर फरार शराब तस्कर कब गिरफ्तार होगा? शराब की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का खुलासा कब होगा और क्या जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में जवाबदेही तय करेंगे? या फिर यह मामला भी समय के साथ ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?

You cannot copy content of this page