गजब: पहाड़ चढ़े नहीं, दरोगा जी को मिला महत्वपूर्ण शाखा का चार्ज, हरिद्वार पुलिस में बड़ा फेरबदल, 94 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले, कई थानों के प्रभारी बदले, कहां है चुनाव आयोग

ख़बर शेयर करें -

–पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में तैनात अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के आदेश

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जनपद में पुलिस विभाग के भीतर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक समेत कुल 94 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। इस सूची में कई थानों के प्रभारी निरीक्षकों के साथ-साथ चौकी प्रभारियों और विभिन्न थानों में तैनात उपनिरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

जारी तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक चन्द्रभान सिंह को ज्वालापुर से नगर कोतवाली, अमरजीत सिंह को बहादराबाद से ज्वालापुर, केसी भट्ट को पुलिस लाइन से कनखल, नन्द किशोर भट्ट को पुलिस लाइन से रुड़की, राजेंद्र खोलिया को पुलिस लाइन से कलियर और विनोद गुसाईं को पुलिस लाइन से पथरी भेजा गया है।

इसी क्रम में निरीक्षक मनोज मैनवाल को मंगलौर, भगवान महर को मंगलौर से श्यामपुर, राकेश शाह को पुलिस लाइन से रानीपुर, अनिरुद्ध मैठाणी को पुलिस लाइन से सिडकुल तथा संजय मिश्रा को पुलिस लाइन से खानपुर भेजा गया है। वहीं कुंदन राम आर्य को झबरेड़ा और प्रदीप रावत को बहादराबाद में प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

उपनिरीक्षकों की सूची में भी बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। कई पुलिसकर्मियों को एक थाने से दूसरे थाने, चौकियों और पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में भेजा गया है। इनमें मंगलौर, लक्सर, भगवानपुर, खानपुर, बहादराबाद, कनखल, ज्वालापुर, सिडकुल, रानीपुर, रुड़की और नगर कोतवाली समेत कई क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।

तबादला आदेश में संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल उनकी नई तैनाती के लिए रवाना कर अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

तबादला सूची ने दिया चर्चा को जन्म
तबादला सूची में एक दरोगा को महत्वपूर्ण शाखा का चार्ज दिए जाने ने भी चर्चा को जन्म दिया है। पहाड़ी जनपदों में तैनाती से बचने और मैदानी क्षेत्रों में बने रहने को लेकर पहले से उठ रहे सवालों के बीच एक दरोगा को फील्ड में भेजने के बजाय शाखा की जिम्मेदारी सौंप दी गई। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या संबंधित दरोगा की पहाड़ी जनपद में तैनाती की संभावनाओं पर भी विचार किया गया?
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग के स्थानांतरण संबंधी निर्देशों के बीच यह भी महत्वपूर्ण है कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। आखिर चुनाव आयोग इस तरह के मामलों पर कब संज्ञान लेगा? क्या पुलिस विभाग में तबादलों को लेकर सभी के लिए एक समान नीति लागू होगी?

चुनाव आयोग के निर्देशों के बीच तबादलों की कसौटी क्या होगी?
गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने 27 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड समेत पांच राज्यों को चुनावी कार्य से जुड़े अधिकारियों के स्थानांतरण के निर्देश दिए हैं। आयोग के निर्देशों के अनुसार उत्तराखंड में 31 मार्च 2027 को आधार तिथि मानते हुए उन अधिकारियों को जिले से बाहर स्थानांतरित किया जाना है, जिन्होंने पिछले चार वर्षों में किसी जिले में तीन साल की निर्धारित अवधि पूरी कर ली है या आधार तिथि तक पूरी कर लेंगे। इसमें पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक और उनसे ऊपर के अधिकारी भी शामिल हैं। गृह जनपद में तैनाती और पिछले विधानसभा चुनाव अथवा उपचुनाव में संबंधित विधानसभा क्षेत्र या जिले में तैनाती से जुड़े मानक भी लागू होंगे।

You cannot copy content of this page