मानसून में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, 105 वाहनों के चालान, 15 सीज

खबर डोज, देहरादून। मानसून के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने गुरुवार देर रात देहरादून में विशेष रात्रिकालीन सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान की कमान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला ने स्वयं संभाली और विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर पहुंचकर वाहनों की जांच की।

अभियान के दौरान हरिद्वार बाईपास रोड, कारगी चौक, आईएसबीटी, टर्नर रोड, शिमला बाईपास चौक, शिमला बाईपास रोड, मेहूंवाला और पित्थूवाला समेत कई संवेदनशील एवं व्यस्त मार्गों पर व्यावसायिक और निजी वाहनों की गहन जांच की गई। परिवहन विभाग की चार विशेष प्रवर्तन टीमों ने देर रात तक अभियान चलाकर वाहन चालकों को मानसून में सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।

चार टीमों ने संभाला मोर्चा
अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी एम.डी. पपनोई, परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत और इंटरसेप्टर प्रभारी परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत अपनी-अपनी टीमों के साथ तैनात रहे। सभी टीमों ने समन्वित रूप से विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।

सुरक्षा मानकों की हुई कड़ी जांच
मानसून को देखते हुए विभाग ने वाहनों के वाइपर, ब्रेक, टायर, हेडलाइट, फ्लैशलाइट, इंडिकेटर, रिफ्लेक्टर, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा ओवरलोडिंग और हाई-बीम के अनुचित प्रयोग पर भी विशेष नजर रखी गई।
जिन वाहनों में वाइपर खराब पाए गए, सुरक्षा उपकरणों की कमी मिली या अन्य गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। गंभीर मामलों में वाहनों को सीज भी किया गया।
105 वाहनों के चालान, 15 वाहन सीज
विशेष अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने 105 वाहनों का चालान किया, जबकि 15 वाहनों को गंभीर अनियमितताओं के चलते सीज कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
डॉ. अनीता चमोला ने की अपील
आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि मानसून के दौरान फिसलन और कम दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन स्वामी और चालक यह सुनिश्चित करें कि उनके वाहन पूरी तरह फिट हों। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वाहन की तकनीकी जांच समय-समय पर कराएं, अनावश्यक हाई-बीम का प्रयोग न करें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







