एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे के ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर, पहाड़ों में नशा पहुंचाने वाले दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कीर्तिनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नशा तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर के नेतृत्व में 9 जुलाई को मलेथा बैरियर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। दोनों को रोककर तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित डोभाल (30 वर्ष), मूल निवासी ग्राम पांडववाला, तहसील कीर्तिनगर, हाल निवासी पंवार हॉस्टल, मेन बाजार कीर्तिनगर तथा रुद्र राणा (23 वर्ष), मूल निवासी सेमरपुर रतूड़ी, जनपद रुद्रप्रयाग, हाल निवासी नर्सरी रोड, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) के रूप में हुई है। अंकित डोभाल के कब्जे से 5.17 ग्राम तथा रुद्र राणा के कब्जे से 3.78 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपी बरामद स्मैक के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पहाड़ी क्षेत्रों में स्मैक की आपूर्ति कर युवाओं को नशे की लत लगाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस मामले में कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुंवर राम आर्य, अपर उपनिरीक्षक पंकज घनसाला, हेड कांस्टेबल नरेश राजवंशी तथा कांस्टेबल प्रवेश पालियाल शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस, मानस पोर्टल अथवा टोल फ्री नंबर 1933 पर सूचना दें, ताकि इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

You cannot copy content of this page