अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रक्तदान महादान: कोटद्वार में कोतवाल, एसएसआई समेत पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

खबर डोज, कोटद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कोटद्वार में मानवता और सेवा भाव का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। रोटरी क्लब कोटद्वार के स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आधारशिला रक्तदान समूह के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एम्स ऋषिकेश की विशेषज्ञ टीम द्वारा रक्त संकलन का कार्य किया गया।

रक्तदान शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से थाना कोटद्वार पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आगे बढ़कर रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। रक्तदान करने वालों में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शशि भूषण जोशी, चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक विनोद चपराना, मुख्य आरक्षी वीरेंद्र असवाल, राकेश आजाद, देवेंद्र सिंह, योगेंद्र, ईश्वर रजवार, आरक्षी गंभीर रावत, कुलदीप, गंभीर तोमर तथा होमगार्ड जवान पंकज कुमार शामिल रहे।

आयोजकों ने बताया कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है और इस प्रकार के शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, पुलिस कर्मियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







