सीएम साहब आखिर क्या मजबूरी? यूपी ने वापस बुलाया राजन सिंह, फिर भी एचआरडीए की कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं! कब होंगे रिलीव साहब

–ब्लैकलिस्टेड एजेंसी के अधीक्षण अभियंता की तैनाती पर फिर उठे सवाल, यूपी राजकीय निर्माण निगम ने उत्तराखंड शासन को भेजा पत्र
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) में तैनात उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के अधीक्षण अभियंता राजन सिंह को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम की ओर से राजन सिंह को उनके मूल कैडर में वापस भेजने के लिए उत्तराखंड शासन को पत्र भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद अब तक उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया है। आखिर शासन स्तर पर फाइल क्यों अटकी है और किसके इशारे पर राजन सिंह को लगातार संरक्षण मिल रहा है?

राजन सिंह की कार्यशैली को लेकर हरिद्वार में लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। शहर के कई बिल्डरों और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोगों के बीच भी उनकी कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष की बातें सामने आती रही हैं। बताया जा रहा है कि प्राधिकरण से जुड़े कामकाज को लेकर शिकायतकर्ताओं और एजेंटों की लंबी सूची है। ऐसे में सवाल है कि क्या शासन और प्रशासन ने कभी इन शिकायतों की गंभीरता से पड़ताल की?
मामले का दूसरा पहलू भी कम चौंकाने वाला नहीं है। पूर्ववर्ती त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को ब्लैकलिस्ट किए जाने के बावजूद इसी निगम के अधीक्षण अभियंता को हरिद्वार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना कई सवाल खड़े करता रहा है। आखिर जब एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया गया था तो उसके अधिकारी को एचआरडीए में तैनाती देने का आधार क्या था?
राजन सिंह की तैनाती के बाद से ही उनकी कार्यशैली और प्राधिकरण में उनके प्रभाव को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अब जब मूल विभाग की ओर से ही उन्हें वापस बुलाने के लिए पत्र भेजा गया है तो उत्तराखंड शासन की चुप्पी और भी चर्चा का विषय बन गई है।
सीएम धामी से अब सीधे सवाल है कि जब यूपी अपने अधिकारी को वापस बुला रहा है तो उत्तराखंड सरकार उन्हें रिलीव करने में देरी क्यों कर रही है? क्या एचआरडीए में नियम-कानून से ऊपर कोई व्यक्तिगत समीकरण काम कर रहे हैं?
हरिद्वार की जनता को अवैध निर्माण, नक्शों और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों पर जवाब चाहिए। बिल्डरों और शिकायतकर्ताओं की बात सुनने की जरूरत है। आखिर एचआरडीए जनता की सुविधा के लिए है या कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में चलने के लिए?
अब देखना होगा कि शासन राजन सिंह को कार्यमुक्त करता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 140 वाहनों के चालान, 26 सीज, देखिए वीडियो 

