हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 140 वाहनों के चालान, 26 सीज, देखिए वीडियो
–हेलमेट नहीं पहनने वाले 77 वाहन चालक कार्रवाई की जद में, बिना बीमा और लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने सिडकुल, सिंहद्वार, लक्सर मार्ग और श्यामपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर 140 वाहनों के चालान किए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 वाहनों को सीज कर दिया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के नेतृत्व में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा की टीम ने अभियान के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की जांच की। इस दौरान सबसे अधिक मामले हेलमेट नहीं पहनने के सामने आए। हेलमेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 77 वाहन चालकों के चालान किए गए।
विभागीय कार्रवाई के आंकड़े भी यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों की लापरवाही की तस्वीर बयां कर रहे हैं। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 19, बिना बीमा के 22, बिना वैध परमिट वाहन संचालित करने पर 10 तथा फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने पर 9 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, वाहनों में अनधिकृत बदलाव करने के 6 मामलों में भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सिडकुल क्षेत्र में सड़क पर अवैध रूप से मालवाहक वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों को भी नहीं बख्शा गया। इसके अलावा कृषि ट्रैक्टरों का व्यावसायिक उपयोग, बकाया वाहन कर और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने जैसी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान में परिवहन कर अधिकारी हरिश सती, रविन्द्र पाल सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक नरेश नेगी शामिल रहे।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। हालांकि, सवाल यह भी है कि अभियान के दौरान हुई कार्रवाई का असर सड़कों पर कितने दिनों तक दिखाई देगा या फिर कुछ दिन बाद यातायात नियमों की अनदेखी का पुराना सिलसिला दोबारा शुरू हो जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









