उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल: 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के कप्तान बदले, पौड़ी और नैनीताल को मिले नए SSP, देवेंद्र पींचा बने पौड़ी जिले के नए कप्तान

–नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की कमान, अर्पण यदुवंशी बने नैनीताल के नए एसएसपी
–25 नवंबर को शासन ने जारी किया स्थानांतरण आदेश, तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश
खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह अनुभाग-1 की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) को बदल दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय, पीएसी, एसडीआरएफ, अभिसूचना और अग्निशमन विभाग में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
इस फेरबदल में नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। वहीं पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार को पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा एवं अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह 31वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक देवेंद्र पींचा को पौड़ी का नया एसएसपी बनाया गया है।
नैनीताल की कमान अब एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी को सौंपी गई है। मणिकांत मिश्रा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर बनाया गया है, जबकि एसपी सीआईडी सेक्टर देहरादून अमित श्रीवास्तव प्रथम को एसपी अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है।
टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक बनाया गया है। उनकी जगह पुलिस सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय में तैनात एसपी सरिता डोभाल को टिहरी का नया एसएसपी बनाया गया है। चमोली के एसपी सुरजीत पंवार को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है, जबकि पुलिस मुख्यालय में तैनात अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली का एसपी बनाया गया है।
अन्य बदलावों में पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव का सेनानायक, हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक, अजय गणपति कुमार को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है। वहीं विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में एसपी, जितेंद्र मेहरा को भी पुलिस मुख्यालय में एसपी तथा जगदीश चंद्र को बागेश्वर का एसपी बनाया गया है।
इसके अलावा शाहजहां जावेद खान को अग्निशमन सेवा का एसपी बनाया गया है। आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने और कार्यभार प्रमाणक शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के इस बड़े फेरबदल को पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब नई जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारियों के सामने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को बेहतर बनाने की चुनौती होगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








कनखल की गलियों में अवैध शराब का कारोबार, पुलिस और आबकारी विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल 