कांवड मेले के दौरान हरिद्वार में आबकारी विभाग की लगातार बड़ी कार्रवाई, दो दिनों में 405 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला के नेतृत्व में हरिद्वार की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 405 टेट्रा पैक देसी माल्टा ब्रांड शराब बरामद की गई है।

पहली कार्रवाई 3 अगस्त 2026 को हरिलोक कॉलोनी सराय रोड, हरिद्वार में रोड चेकिंग के दौरान की गई। टीम ने स्कूटी संख्या UK 08 AK 8877 से अवैध रूप से 180 टेट्रा पैक देसी माल्टा ब्रांड शराब का परिवहन कर रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके अगले दिन 4 अगस्त 2026 को आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र-1 की टीम ने ललतारों पुल, हरिद्वार पर रोड चेकिंग के दौरान रोहित पुत्र ब्रह्मदेव सैनी को लाल रंग की स्कूटी से 225 टेट्रा पैक देसी माल्टा ब्रांड शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

दोनों अभियानों में आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के साथ उप आबकारी निरीक्षक मदन चौहान (पहली कार्रवाई), उप आबकारी निरीक्षक महावीर मैथानी, प्रधान आबकारी सिपाही अनिरुद्ध शर्मा, लव शर्मा, सुरेंद्र सिंह, पिंकी सहित विभागीय टीम मौजूद रही।

जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page