कांवड़ यात्रा-2026: सीएम पुष्कर धामी ने किया चिकित्सा शिविर का शुभारंभ, पांचवें दिन 18,019 शिवभक्तों का उपचार, अब तक 65,971 श्रद्धालुओं को मिली स्वास्थ्य सेवाएं

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 32 स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां शिवभक्तों को स्वास्थ्य खराब होने या चोट लगने की स्थिति में तत्काल निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के पांचवें दिन 18,019 शिवभक्तों का विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 65,971 कांवड़ यात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रा में पहली बार 4 मेडिकल मोबाइल यूनिट भी तैनात की गई हैं, जो आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर शिवभक्तों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अलकनंदा होटल के समीप मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कांवड़ यात्रा पर आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर स्थापित स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य खराब होने या चोट लगने की स्थिति में श्रद्धालुओं का तुरंत उपचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, पैरामिलिट्री बल और स्वयंसेवी संस्थाएं समन्वय के साथ दिन-रात कार्य कर रही हैं, ताकि किसी भी शिवभक्त को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, समय-समय पर विश्राम करें और यदि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस हो तो निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य लें।

बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है और सभी स्वास्थ्य शिविरों में आवश्यक दवाएं, चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराया गया है।

You cannot copy content of this page