आईजी साहब! क्या तबादला एक्सप्रेस में हरिद्वार सीपीयू का भी आएगा नंबर या एक ही जगह जमे रहेंगे दरोगा?

–विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर हो रहे तबादले, हरिद्वार सीपीयू में लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों की बारी कब?
खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पुलिस महकमे में तबादला एक्सप्रेस तेजी से दौड़ रही है। देहरादून से लेकर कुमाऊं और गढ़वाल परिक्षेत्र तक निरीक्षकों और पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के तहत एक ही जनपद और स्थान पर लंबे समय से तैनात अधिकारियों को इधर से उधर किया जा रहा है। लेकिन हरिद्वार की ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाली सीपीयू (सिटी पेट्रोल यूनिट) में तैनात पुलिसकर्मियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
आखिर हरिद्वार सीपीयू में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात दरोगाओं और अन्य पुलिसकर्मियों का नंबर कब आएगा? क्या तबादला एक्सप्रेस की रफ्तार हरिद्वार सीपीयू तक भी पहुंचेगी या फिर यहां तैनात पुलिसकर्मियों को पुराने स्थान पर ही बने रहने दिया जाएगा?
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से एक ही जगह तैनाती को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में पुलिस महकमे के आला अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि सीपीयू में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की समीक्षा की जाए। यदि कोई कर्मचारी निर्धारित मानकों के तहत स्थानांतरण के दायरे में आता है तो उसके संबंध में भी नियमानुसार निर्णय लिया जाए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विधानसभा चुनाव की निष्पक्षता को लेकर प्रदेशभर में तबादले किए जा रहे हैं तो हरिद्वार सीपीयू को इस प्रक्रिया से अलग क्यों रखा जाए? क्या आईजी साहब हरिद्वार पुलिस के उच्चाधिकारी इस ओर ध्यान देंगे?
अब देखना होगा कि तबादलों की अगली सूची में हरिद्वार सीपीयू का नाम भी शामिल होता है या फिर यहां पुरानी तैनाती का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








