कोटद्वार टूरिस्ट प्लाजा की दुकानों में लगी आग, सूचना के एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड की देरी पर जताई नाराजगी, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

-झंडाचौक में सुबह उठे धुएं से मची अफरातफरी, आग की चपेट में कितनी दुकानें आईं, स्थिति स्पष्ट नहीं

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार के झंडाचौक स्थित टूरिस्ट प्लाजा में बुधवार सुबह आग लगने से अफरातफरी मच गई। कॉम्प्लेक्स से तेजी से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग लगने की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, जिससे अग्निशमन विभाग की तत्परता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

टूरिस्ट प्लाजा में कई दुकानें संचालित हैं। कॉम्प्लेक्स के भीतर जाने के लिए तीन अलग-अलग रास्ते हैं। आग पर काबू पाने के लिए इन रास्तों से प्रयास किए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर कॉम्प्लेक्स के अन्य दुकानदार भी मौके पर पहुंचने लगे, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल अंदर की दुकानों में किसी को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

कॉम्प्लेक्स के बाहरी हिस्से में टूरिस्ट स्वीट शॉप, मेडिकल स्टोर और मोबाइल शॉप समेत कई दुकानें हैं। वहीं, अंदर भी अलग-अलग कारोबार से जुड़ी दुकानें संचालित होती हैं। आग किन दुकानों तक पहुंची है और इससे कितना नुकसान हुआ है, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। दुकानदार अपनी दुकानों में रखे सामान को लेकर चिंतित हैं।

घटना के चलते झंडाचौक क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी संबंधित अधिकारियों की जांच और स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।

You cannot copy content of this page