कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, सातवें दिन 37.30 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना, अब तक 1.80 करोड़ से अधिक कांवड़िए हरिद्वार से भर चुके हैं गंगाजल, प्रशासन अलर्ट

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में आस्था का जनसैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। कांवड़ यात्रा के सातवें दिन बुधवार को हरिद्वार से 37 लाख 30 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 1 करोड़ 80 लाख 55 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कांवड़ यात्रा के सातवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हरकी पैड़ी, प्रमुख स्नान घाटों और कांवड़ मार्गों पर पूरे दिन शिवभक्तों की आवाजाही बनी रही। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया हुआ है।

प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार तैनात हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग दें।

You cannot copy content of this page