कांवड़िए ने दौड़ाया पुलिसकर्मी, कांवड़ खंडित करने और शराब के नशे में होने का लगाया आरोप, देखिए हंगामे का वीडियो

ख़बर शेयर करें -

चंडीघाट तिराहे पर हुआ हंगामा, मेडिकल जांच में नहीं हुई शराब पीने की पुष्टि

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार के चंडीघाट तिराहे पर मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कांवड़िए की कांवड़ नीचे गिरने के बाद साथ चल रहे कांवड़ियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी पर शराब के नशे में होने का आरोप भी लगाया गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ कांवड़िए पुलिसकर्मी के पीछे दौड़ पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंडीघाट तिराहे पर एक कांवड़िए की कांवड़ अचानक नीचे गिर गई। इसके बाद साथ चल रहे कांवड़ियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी पर कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में कांवड़िए एकत्र हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक होने लगी। वायरल वीडियो में कुछ कांवड़िए संबंधित पुलिसकर्मी का पीछा करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद यात्रा को सामान्य रूप से आगे बढ़ाया गया।

घटना को लेकर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार रात कुछ कांवड़िए निर्धारित कांवड़ मार्ग छोड़कर हाईवे की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें तय मार्ग से ही जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कुछ कांवड़िए नाराज हो गए और विवाद की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी को समझाया और मामला शांत करा दिया।

एसपी सिटी ने बताया कि वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी पर शराब पीने का जो आरोप लगाया गया था, उसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मी का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल जांच में शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई, जिससे यह आरोप निराधार साबित हुआ।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मामले से जुड़े वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच भी की जा रही है।

You cannot copy content of this page