पौड़ी गढ़वाल में भारी बारिश का अलर्ट, 31 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के बाद पौड़ी गढ़वाल जिले में भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने 31 अगस्त को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग ने 31 अगस्त 2026 को जनपद पौड़ी गढ़वाल में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। इसके फलस्वरूप नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह आने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार सोमवार 31 अगस्त को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में, कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक दिवसीय अवकाश रहेगा।
इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 31 अगस्त को बंद रहेंगे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर एहतियातन शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से आदेश की प्रतिलिपि गढ़वाल मंडल आयुक्त, सभी उपजिलाधिकारियों, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एवं माध्यमिक तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी पौड़ी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
प्रशासन ने मौसम को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने और नदी-नालों एवं गधेरों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







