पौड़ी जिले में इंस्पेक्टर और दरोगाओं के तबादलों पर आईजी गढ़वाल ने लगाई रोक, पुलिस महकमे में मची हलचल

खबर डोज, पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार की ओर से रविवार देर सायं जारी की गई निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों की तबादला सूची पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। आईजी गढ़वाल ने तबादला सूची का परीक्षण करने के निर्देश जारी किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, आईजी गढ़वाल ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी से तीन दिन के भीतर सूची का परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि तबादला सूची जारी करते समय निर्धारित प्रक्रिया, पदस्थापन अवधि एवं अन्य आवश्यक मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया।
तबादला आदेश पर रोक लगाने के बाद संबंधित निरीक्षक और उपनिरीक्षक फिलहाल अपने वर्तमान तैनाती स्थलों पर ही बने रहेंगे। तबादला सूची पर रोक लगने से पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है और अधिकारी-कर्मचारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूरे तबादला आदेश की दोबारा समीक्षा की जाएगी। यदि नियमों के अनुरूप संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो तबादला सूची को निरस्त करने या आवश्यक संशोधन किए जाने की भी संभावना है।
फिलहाल आईजी गढ़वाल के इस कदम को पुलिस विभाग में पारदर्शिता और नियमों के सख्त पालन की दिशा में एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








