चालान हुआ तो कोटद्वार के एसएसआई साहब पर भी लगा डाला सीट बेल्ट न लगाने का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। यातायात नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी पुलिस विभाग की होती है। पुलिस आम लोगों को नियमों का पाठ पढ़ाती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटती है, लेकिन जब यही सवाल पुलिसकर्मियों पर उठने लगे तो मामला चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसा ही एक मामला कोटद्वार में सामने आया है, जहां चालान काटने के दौरान कोतवाली के एसएसआई साहब पर ही कार में सीट बेल्ट नहीं लगाने का आरोप लगा दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, कोटद्वार में पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान चालान काटने की कार्रवाई को लेकर एक व्यक्ति और पुलिसकर्मियों के बीच बातचीत हुई। वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति एसएसआई पर ही सीट बेल्ट नहीं लगाने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

यूं तो जनपद पौड़ी के पुलिस कप्तान सर्वेश पंवार के दिशा-निर्देशन में पुलिस यातायात व्यवस्था सुधारने और नियमों का पालन कराने के लिए अभियान चला रही है, लेकिन इस वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब आम आदमी से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की अपेक्षा की जाती है, तो क्या पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भी वही जिम्मेदारी नहीं बनती? क्या नियमों का पालन केवल आम जनता के लिए है या फिर पुलिसकर्मियों पर भी समान रूप से लागू होता है?

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर स्थिति स्पष्ट करते हैं या फिर यह मामला भी सोशल मीडिया की चर्चाओं तक ही सीमित रह जाएगा।

You cannot copy content of this page