टिहरी में भीषण सड़क हादसा: 80 फीट गहरी खाई में नदी में गिरी यात्री बस, 9 की दर्दनाक मौत, 25 घायल, घटनास्थल पर पहुंची एसएसपी श्वेता चौबे

ख़बर शेयर करें -

– हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी विश्वनाथ सेवा की बस, गूलर पुल के पास सुबह 4:50 बजे हुआ हादसा

– टिहरी पुलिस, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और आपदा राहत दल ने चलाया रेस्क्यू अभियान, घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। टिहरी जनपद के गूलर पुल के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 80 फीट गहरी खाई में गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

पुलिस कार्यालय टिहरी से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 17 नवंबर की सुबह करीब 4:50 बजे चौकी गूलर के माध्यम से थाना मुनिकीरेती पुलिस को बस दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 हरिद्वार से 34 यात्रियों को लेकर जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस नरेंद्रनगर तथा आपदा राहत दल की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। गंभीरता को देखते हुए शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से भी जवानों को बुलाया गया। स्थानीय लोगों और विभिन्न राहत टीमों की मदद से खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला गया।

इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को 108 एंबुलेंस सहित स्थानीय और निजी एंबुलेंस की सहायता से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।

जिलाधिकारी टिहरी और एसएसपी टिहरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।

हादसे में मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल हैं। मृतकों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के लोग शामिल हैं।

पुलिस ने यात्रियों का सामान सुरक्षित रखवाया है और घायलों के उपचार के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है।

You cannot copy content of this page