सिडकुल पुलिस के हत्थे चढ़े दोपहिया वाहन चोर, छह चोरी की बाइक बरामद, दो गिरफ्तार

– रानीपुर, सिडकुल और बहादराबाद क्षेत्र में सक्रिय थे आरोपी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी थीं चोरी की पांच बाइक
– चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, बाइक फिसलने से गिरे तो पुलिस ने दबोचा
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस और आम जनता के लिए सिरदर्द बने दो शातिर आरोपियों को सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल छह मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपी रानीपुर, सिडकुल और बहादराबाद थाना क्षेत्रों को अपना निशाना बना रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।

एसएसपी नवनीत भुल्लर
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत 17 नवंबर को सिडकुल पुलिस किरवी चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रोशनाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसलने से दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों को पकड़ लिया।

सिडकुल कोतवाली प्रभारी अजय शाह
पुलिस ने मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की तो पता चला कि यह बाइक थाना सिडकुल में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गईं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आपस में मिलकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की थीं। बरामद छह मोटरसाइकिलों में तीन सिडकुल, दो रानीपुर और एक बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने सागर पुत्र धीरज पाल (26 वर्ष), निवासी काला गेट, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल और कार्तिक पुत्र संजय सिंह (20 वर्ष), निवासी हरचंदपुर, थाना नागल सोती, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रामधाम कॉलोनी, अंबेडकर चौक, थाना सिडकुल को गिरफ्तार किया है।
छह मोटरसाइकिल बरामद
बरामद मोटरसाइकिलों में पांच स्प्लेंडर प्लस और एक अन्य स्प्लेंडर प्लस मॉडल की बाइक शामिल हैं। इनके रजिस्ट्रेशन नंबर UP20AF5441, UK08AU2216, HR33D9062, UP11BR1135, UK08BG7661 और UK08AG3342 हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल सैनी, हेड कांस्टेबल संजय सिंह तथा कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद, कुलदीप डिमरी और कुलदीप शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









