ज्वालापुर समेत कई स्थानों पर जारी है अवैध शराब का कारोबार, बेखौफ हुए तस्कर, प्रशासन और जिम्मेदार विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

खबर डोज, हरिद्वार। ज्वालापुर समेत विभिन्न इलाकों में अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग की कथित लापरवाही के चलते शराब तस्करों के हौसले बुलंद हैं और अवैध शराब की बिक्री का कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है। ऐसे में प्रदेश सरकार के देवभूमि नशा मुक्त अभियान को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताते चलें कि खबर डोज ने हाल ही में ज्वालापुर क्षेत्र में कथित अवैध शराब के काउंटर संचालित होने को लेकर खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बावजूद स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नजर नहीं आई। इसके बाद ज्वालापुर क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर अवैध शराब से लदी एक स्कूटी को पकड़ लिया।
बताया गया कि स्कूटी पकड़े जाने की सूचना आबकारी विभाग तक भी पहुंची। हालांकि, विभागीय टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने स्कूटी को पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना ने क्षेत्र में अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले बढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध शराब के स्रोत, सप्लाई चैन और बिक्री केंद्रों की जांच की जाए तो इस कारोबार पर अंकुश लगाया जा सकता है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और आबकारी विभाग इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ क्या ठोस कार्रवाई की जाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







