हरिद्वार में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, रिपोर्ट में एक भी पॉजिटिव केस नहीं

खबर डोज, हरिद्वार। जिले में डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के दिशा-निर्देशन और जिला मलेरिया अधिकारी इंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई के साथ ही जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 19 अगस्त 2026 को जिले में डेंगू का एक भी नया पॉजिटिव केस सामने नहीं आया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, पानी की टंकियों व बर्तनों को ढककर रखने तथा मच्छरों के पनपने वाले संभावित स्थानों की नियमित सफाई करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछली बार भी डेंगू वालंटियर और आशा कार्यकर्ताओं ने मिलकर प्रभावी तरीके से अभियान चलाया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। इसी तरह इस वर्ष भी सामूहिक प्रयासों से डेंगू को हराने का लक्ष्य रखा गया है।
रिपोर्ट में एक भी डेंगू पॉजिटिव नहीं
जिला हरिद्वार की 19 अगस्त की डेंगू क्लीनिकल एवं एंटी-डेंगू एक्टिविटी रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को डेंगू पॉजिटिव केस की संख्या शून्य रही। रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव मामलों की संचयी संख्या भी शून्य दर्ज की गई है।
वहीं, डेंगू की जांच के तहत 19 अगस्त को 12 रैपिड टेस्ट किए गए, जबकि अब तक कुल 498 रैपिड टेस्ट किए जा चुके हैं। इसके अलावा एलिसा जांच की संचयी संख्या 2 दर्ज की गई है।
घर-घर जागरूकता पर जोर
स्वास्थ्य विभाग का फोकस डेंगू के इलाज के साथ-साथ इसकी रोकथाम पर भी है। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को बताया जा रहा है कि घर या आसपास लंबे समय तक पानी जमा न होने दें, क्योंकि साफ पानी में भी डेंगू फैलाने वाले मच्छर पनप सकते हैं। कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियों और अन्य ऐसे स्थानों की नियमित जांच व सफाई करने की अपील की जा रही है।
सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने लोगों से अपील की कि डेंगू के संभावित लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चला रही हैं तथा जनसहयोग से डेंगू के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का संदेश स्पष्ट है कि डेंगू की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर घर और हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







