सिडकुल में स्मैक समेत दबोचा तस्कर, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

खबर डोज, हरिद्वार। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 5.33 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब, स्मैक, चरस, गांजा और नशीली दवाइयों समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष सिडकुल ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी अभियान के तहत 17 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध स्मैक लेकर होटल रजवाड़ा के पास सिडकुल क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.33 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान संदीप पुत्र मांगेराम, निवासी पाल मार्केट कॉलोनी, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी संदीप के खिलाफ थाना सिडकुल में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक अनिल सैनी और कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







