खबर डोज की खबर का असर: निगम ने खुलवाए पेशाबघर के ताले, लेकिन अब भी सजी दुकानें, व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

खबर डोज, हरिद्वार। खबर डोज की ओर से हरकी पैड़ी के निकट स्थित एक सुलभ कॉम्प्लेक्स के बाहर दुकानें लगाए जाने और पेशाबघर पर ताला लगाए जाने का मामला प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर निगम हरिद्वार हरकत में आ गया। खबर प्रकाशित होने के कुछ ही समय बाद निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बंद पड़े पेशाबघर के ताले खुलवा दिए, जिससे कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं को राहत मिली।
गौरतलब है कि खबर डोज ने अपनी खबर में उजागर किया था कि श्रावण कांवड़ मेले के दौरान, जब लाखों श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंच रहे हैं, तब सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए सुलभ कॉम्प्लेक्स के पेशाबघर पर ताला लटका हुआ था। वहीं कॉम्प्लेक्स के बाहर अस्थायी दुकानें लगाकर उन्हें किराये पर संचालित कराया जा रहा था। इससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और नगर निगम के व्यवस्थाओं संबंधी दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे थे।
खबर का संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेशाबघर को आमजन के लिए खुलवा दिया। हालांकि, जिस स्थान पर दुकानें लगाई गई थीं, वहां अब भी दुकानें संचालित होती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में यह सवाल बरकरार है कि सार्वजनिक सुविधा स्थल के बाहर व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति किसके निर्देश पर दी गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम ने पेशाबघर तो खुलवा दिया, लेकिन यदि दुकानें यथावत बनी रहती हैं तो भविष्य में फिर से व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि सार्वजनिक सुविधा स्थल का व्यावसायिक उपयोग किस आधार पर किया गया और यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
श्रावण कांवड़ मेले जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नगर निगम केवल तात्कालिक कार्रवाई तक सीमित न रहकर पूरे मामले की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







श्यामपुर के पीली पड़ाव क्षेत्र में हाथी का हमला, 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत