हरकी पैड़ी के पास सुलभ कॉम्प्लेक्स पर सवाल: बाहर दुकानें किराये पर, पेशाबघर पर ताला, कांवड़ यात्रियों को उठानी पड़ रही परेशानी, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

रिपोर्टर कालू वर्मा, खबर डोज, हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान जहां नगर निगम हरिद्वार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं धरातल पर कुछ स्थानों की स्थिति इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। हरकी पैड़ी के निकट स्थित एक सुलभ कॉम्प्लेक्स में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है, जहां कॉम्प्लेक्स के बाहर अस्थायी दुकानें लगवाकर उन्हें किराये पर दिए जाने का आरोप है। इतना ही नहीं, कॉम्प्लेक्स के पेशाबघर के बाहर ताला लगाए जाने से हजारों कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय और पेशाबघर जैसी मूलभूत सुविधाओं का सुचारू रूप से संचालित होना बेहद आवश्यक है। लेकिन संबंधित सुलभ कॉम्प्लेक्स में पेशाबघर बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉम्प्लेक्स के बाहर दुकानों की कतार लगा दी गई है और उन्हें किराये पर संचालित कराया जा रहा है। आरोप है कि व्यावसायिक लाभ के चलते आमजन और श्रद्धालुओं की सुविधा को नजरअंदाज किया गया है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो यह नगर निगम की व्यवस्थाओं और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

कांवड़ मेले को लेकर नगर निगम द्वारा सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं के बेहतर संचालन के दावे लगातार किए जा रहे हैं। ऐसे में हरकी पैड़ी जैसे अति संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस प्रकार की लापरवाही प्रशासनिक दावों की वास्तविकता सामने ला रही है।

अब देखना यह होगा कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित संचालक के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं और कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए बंद पड़े पेशाबघर को तत्काल खुलवाते हैं या नहीं। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा सार्वजनिक सुविधाओं को तुरंत बहाल करने की मांग की है।

You cannot copy content of this page