गुरुकुल कांगड़ी के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का खुलासा, चार आरोपी हिरासत में

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप कांवड़ यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी नगर और फील्ड यूनिट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी के निकट 6 से 7 बाइक सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवकों ने कांवड़ यात्री अजय पुत्र नरेश, निवासी पानीपत (हरियाणा) पर गोली चला दी।

गोली लगने से घायल हुए अजय को उसके साथियों और पुलिस की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शिवराज (20 वर्ष) निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया। इसके अलावा फरार चल रहे अन्य आरोपियों आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और लगातार दबिश दी जा रही है।

इस घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

You cannot copy content of this page