कनखल पुलिस की छोटी मछलियों पर कार्रवाई, बड़ी मछलियां अब भी पहुंच से दूर! जिला प्रशासन बना लापरवाह तो जिम्मेदार विभाग सोया चैन की नींद

ख़बर शेयर करें -

-देशी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध शराब के बड़े कारोबार पर कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के कई इलाकों में शराब की तस्करी और अवैध बिक्री का कारोबार लगातार जारी रहने के आरोपों के बीच पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल बड़े तस्करों तक जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई नहीं पहुंच पा रही है। वहीं, छोटी मात्रा में शराब बरामद कर कार्रवाई किए जाने से बड़े नेटवर्क पर अंकुश लगाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इसी कड़ी में कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत देर रात कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 20 पव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, रात्रि चेकिंग के दौरान अवैध शराब की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से देशी शराब के 20 पव्वे, पैट्रा पैक मार्का, बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चंदन कुमार निवासी हरिजन बस्ती, कनखल बताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली कनखल में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल विशन चौहान और जितेंद्र राणा शामिल रहे।

बड़े कारोबार पर कार्रवाई कब?

खबर डोज लगातार हरिद्वार में शराब की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाता रहा है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि छोटे मामलों में कार्रवाई के साथ-साथ बड़े तस्करों और उनके नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के देवभूमि नशामुक्त अभियान के बीच जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरंतर कार्रवाई करें। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग छोटी बरामदगियों से आगे बढ़कर बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई कब करते हैं।

You cannot copy content of this page