कांवड़ मेला-2026: गंगा घाटों पर ‘स्वच्छता दूत’ संभाल रहे मोर्चा, मेगाफोन से श्रद्धालुओं को दे रहे स्वच्छता का संदेश, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार ने गंगा घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए एक अभिनव पहल शुरू की है। नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रमुख घाटों पर ‘स्वच्छता दूत’ तैनात किए गए हैं, जो मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य गंगा घाटों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखना है।

स्वच्छता दूत श्रद्धालुओं से अपील कर रहे हैं कि वे कूड़ा-कचरा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें और मां गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतलें, बचा हुआ भोजन अथवा किसी भी प्रकार का अपशिष्ट न प्रवाहित करें। इसके साथ ही घाटों पर प्लास्टिक की चटाई, प्लास्टिक शीट और पॉलिथीन के उपयोग से बचने का संदेश भी दिया जा रहा है।

नगर निगम की ओर से भंडारा आयोजकों और श्रद्धालुओं से भी विशेष आग्रह किया जा रहा है कि भोजन वितरण के बाद पत्तल, दोने, गिलास, बोतल और अन्य अपशिष्ट को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि स्वयं उठाकर निर्धारित कूड़ेदानों में डालें। भोजन ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा फैलाने से बचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान स्वच्छता दूत सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दे रहे हैं और श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील कर रहे हैं। इस पहल को श्रद्धालुओं का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। कई श्रद्धालुओं ने नगर निगम की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया।

अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार सहित नगर निगम की टीम एवं डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था के स्वयंसेवी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। नगर निगम ने बताया कि निगम कर्मियों और स्वयंसेवकों के संयुक्त प्रयास से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

नगर निगम हरिद्वार ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में अपना सहयोग दें और स्वच्छ, सुंदर तथा प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार के निर्माण में सहभागी बनें।

You cannot copy content of this page