ढीट आबकारी विभाग की निष्क्रियता के बीच लोगों ने ज्वालापुर क्षेत्र में पकड़ी अवैध शराब से लदी स्कूटी, पुलिस के हवाले किया आरोपी, सुधीर तस्कर का नाम आया सामने

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर आबकारी विभाग की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। लंबे समय से अवैध शराब के काउंटरों के संचालन की शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से अब स्थानीय लोगों ने स्वयं मोर्चा संभालना शुरू कर दिया है। शनिवार को ज्वालापुर के दुर्गा चौक पर लोगों ने अवैध शराब से लदी एक स्कूटी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में कथित शराब तस्कर सुधीर का नाम सामने आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और बीयर ले जाई जा रही थी। स्थानीय लोगों को संदेह होने पर उन्होंने वाहन को रोक लिया और उसकी तलाशी लेने पर शराब बरामद होने का दावा किया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर स्कूटी तथा बरामद शराब को कब्जे में ले लिया।

गौरतलब है कि खबर डोज लगातार ज्वालापुर, कनखल और शहरी क्षेत्र में संचालित अवैध शराब के काउंटरों को लेकर खबरें प्रकाशित करता रहा है। खबरों में यह भी उठाया गया था कि क्षेत्र में कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही। ऐसे में शनिवार की घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आबकारी विभाग प्रभावी अभियान चलाकर अवैध शराब तस्करों पर कार्रवाई करता, तो आम नागरिकों को इस तरह स्वयं आगे आकर तस्करों को पकड़ने की नौबत नहीं आती। लोगों ने अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच कर इसके पीछे सक्रिय तस्करों और संरक्षण देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरामद शराब के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और कथित तस्कर के अन्य साथियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद आबकारी विभाग की निष्क्रियता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

You cannot copy content of this page