होम-स्टे योजना में भ्रष्टाचार के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई, देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय निलंबित

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा निलंबन आदेश जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत लाभार्थियों को अनुदान राशि जारी करने के एवज में भ्रष्टाचार और अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें होम-स्टे योजना के अंतर्गत अनुदान वितरण में कथित गड़बड़ी और लेन-देन के आरोप लगाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया और विभाग ने इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
प्रारंभिक स्तर पर प्राप्त तथ्यों और विभिन्न माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम-स्टे योजना के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
अब सभी की निगाहें विभागीय जांच पर टिकी हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







