ट्रेन यात्रा के दौरान रुड़की के हेड कांस्टेबल की संदिग्ध मौत, जहरखुरानी की आशंका

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की निवासी हेड कांस्टेबल सत्यपाल सिंह (53) की ट्रेन यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सफर के दौरान अज्ञात जहरखुरानों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और इसके बाद उनका मोबाइल फोन, पर्स, सामान व अन्य कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए। घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, सत्यपाल सिंह रुड़की के राज विहार कॉलोनी, मिलापनगर, सिविल लाइंस के निवासी थे और वर्तमान में राजस्थान के जैसलमेर स्थित BSF की 20वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। छुट्टी मिलने के बाद वह 27 जून को रानीखेत एक्सप्रेस से अपने घर लौटने के लिए रवाना हुए थे।

बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी तबीयत बिगड़ गई। आशंका है कि ट्रेन में सक्रिय जहरखुरानी गिरोह ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल, पर्स और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं BSF और स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस (GRP) और संबंधित एजेंसियां ट्रेन के रूट, सीसीटीवी फुटेज तथा सहयात्रियों से पूछताछ कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page