देहरादून में जज के पिता से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। जज के पिता के साथ हुई मारपीट के मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने के आरोपों के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने सख्त कार्रवाई करते हुए धारा चौकी इंचार्ज को लाइन हाज़िर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, जज के पिता के साथ मारपीट की घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की थी। आरोप है कि घटना के तीन दिन बाद तक भी संबंधित पुलिस चौकी में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद यह प्रकरण वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल संज्ञान लिया और प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए धारा चौकी इंचार्ज विनीता चौहान को लाइन हाज़िर करने के आदेश जारी कर दिए। साथ ही पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि एफआईआर दर्ज करने में देरी किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के मुताबिक कानून सभी के लिए समान है और किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में अन्य पुलिसकर्मियों की भी भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, इस मामले को लेकर आमजन और कानूनी क्षेत्र से जुड़े लोगों की भी नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर बनी हुई है।

You cannot copy content of this page