चार दशक की गौरवशाली पुलिस सेवा के बाद एडिशनल एसपी पंकज गैरोला सेवानिवृत्त, ईमानदारी और सादगी की छोड़ी अमिट पहचान

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एडिशनल एसपी पंकज गैरोला मंगलवार को करीब 36 वर्ष की गौरवशाली सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। अपने पूरे सेवाकाल में शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली, निष्पक्ष निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले पंकज गैरोला की विदाई पुलिस महकमे के लिए एक महत्वपूर्ण पल रही।
पंकज गैरोला ने वर्ष 1990 में तत्कालीन उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर अपने पुलिस करियर की शुरुआत की। शुरुआती दौर में उन्होंने स्थानीय अधिसूचना इकाई (एलआईयू) में कार्य करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य गठन के बाद उन्होंने हरिद्वार और देहरादून में एलआईयू में सेवाएं देते हुए अपनी दक्षता, सूझबूझ और खुफिया तंत्र पर मजबूत पकड़ का परिचय दिया।
बाद में न्यायालय के आदेश के उपरांत वह सिविल पुलिस में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार और देहरादून की कई महत्वपूर्ण कोतवालियों का नेतृत्व किया। उत्कृष्ट कार्य और प्रभावी पुलिसिंग के आधार पर उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) के पद पर पदोन्नत किया गया। सीओ के रूप में उन्होंने नैनीताल, देहरादून और हरिद्वार में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए।
इसके बाद उन्हें हरिद्वार में एडिशनल एसपी के पद पर पदोन्नत किया गया, जहां उन्होंने एसपी यातायात एवं अपराध तथा एसपी सिटी हरिद्वार जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई संवेदनशील मामलों के प्रभावी निस्तारण, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाई। बाद में उनका स्थानांतरण एसपी देहात, देहरादून के पद पर हुआ, जहां से उन्होंने मंगलवार को अपनी सेवाओं को विराम दिया।
पुलिस विभाग में पंकज गैरोला हमेशा एक शांत, सरल, मृदुभाषी और व्यवहारकुशल अधिकारी के रूप में जाने गए। कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और विवेक के साथ निर्णय लेना उनकी सबसे बड़ी विशेषता रही। उनकी नेतृत्व क्षमता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें विभाग के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों में शामिल किया।
उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवाकाल, उत्कृष्ट योगदान और अनुकरणीय कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। उत्तराखंड पुलिस महकमे में उनका योगदान और उनकी सादगी आने वाले वर्षों तक प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







