खानपुर में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, इंस्पेक्टर दिगपाल सिंह कोहली निलंबित

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। खानपुर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को गंभीरता से न लेने पर पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व खानपुर क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़ित पक्ष ने तत्काल थाना प्रभारी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया था, लेकिन आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने मामले में तत्परता नहीं दिखाई और शिकायत पर ढुलमुल रवैया अपनाया। इस लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इसकी जानकारी एसएसपी नवनीत सिंह तक पहुंची, तो उन्होंने तत्काल सख्त निर्देश देते हुए पोक्सो एक्ट समेत अन्य प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईयू टीम को लगाया गया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
नाबालिग से जुड़े संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली को निलंबित कर स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह की चूक किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, खानपुर थाने की जिम्मेदारी अब साइबर सेल में तैनात गोविंद सिंह को सौंपी गई है। कई वर्षों बाद किसी प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ सीधे निलंबन की कार्रवाई होने से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट कहा है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है। कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में विफल रहने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page