टिहरी गढ़वाल: चारधाम यात्रा को लेकर SSP श्वेता चौबे का बड़ा कदम, 14 पेट्रोलिंग यूनिट्स को किया फ्लैग ऑफ

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। चारधाम यात्रा सीजन के चलते बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए टिहरी पुलिस ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए बड़ी पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने 14 पुलिस पेट्रोलिंग यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो यात्रा मार्गों पर लगातार गश्त कर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगी।

इन पेट्रोलिंग यूनिट्स में 6 यातायात निदेशालय, 5 सीएसआर से प्राप्त और 3 अन्य यूनिट्स शामिल हैं। ये टीमें जाम की स्थिति को तुरंत खत्म करने, यातायात को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैनात की गई हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया। SSP श्वेता चौबे ने स्वयं मौके पर पहुंचकर पुलिस बल को रिफ्रेशमेंट और टोपी वितरित की, ताकि तेज धूप और कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों को राहत मिल सके। इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ा।
यात्रा व्यवस्था में सहयोग कर रहे वॉलेंटियर्स को भी टी-शर्ट वितरित की गई, जिससे उन्हें एक समान पहचान मिल सके और वे बेहतर समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सहायता कर सकें।
खास बात यह रही कि SSP श्वेता चौबे खुद सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभालती नजर आईं। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए और ट्रैफिक को व्यवस्थित किया। उनकी सक्रियता और नेतृत्व से पुलिस टीम में नई ऊर्जा देखने को मिली।
SSP ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे चारधाम यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता, संयम और सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके।
टिहरी पुलिस के इन प्रयासों से यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है और श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







