उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 आईएएस और 19 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, हरिद्वार कुंभ मेले को भी मिले नए अधिकारी

ख़बर शेयर करें -

–पंकज कुमार उपाध्याय बनाए गए अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार, गोपाल राम बिनवाल को मिली उप मेलाधिकारी की जिम्मेदारी, कई जिलों के सीडीओ भी बदले

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड में शासन स्तर पर बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 11 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत 11 आईएएस और 19 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों से लेकर नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। खास बात यह है कि हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को देखते हुए मेला प्रशासन में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

आईएएस अधिकारियों की नई तैनाती

आईएएस अधिकारी निधि यादव को निदेशक पंचायती राज निदेशालय के पदभार से अवमुक्त किया गया है। अभिनव शाह को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून से हटाकर अपर सचिव पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद बनाया गया है। दीपक सैनी को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ से स्थानांतरित कर मुख्य विकास अधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रवीण कुमार को अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय से मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ बनाया गया है, जबकि बाध्य प्रतीक्षा में चल रहीं अनामिका को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है। आशिमा गोयल को संयुक्त मजिस्ट्रेट ऊधमसिंह नगर से नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी बनाया गया है।

दीपक रामचन्द्र सेठ को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की से मुख्य विकास अधिकारी चमोली और राहुल आनन्द को संयुक्त मजिस्ट्रेट देहरादून से मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी से रुड़की तथा दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत से काशीपुर भेजा गया है।

पीसीएस अधिकारियों में भी व्यापक बदलाव

पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में जीवन सिंह नगन्याल को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल से आयुक्त गन्ना-चीनी काशीपुर बनाया गया है। त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को आयुक्त गन्ना-चीनी काशीपुर से अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल भेजा गया है।

अभिषेक त्रिपाठी को मुख्य विकास अधिकारी चमोली से निदेशक पंचायती राज निदेशालय बनाया गया है। रामजी शरण शर्मा को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा से अपर निदेशक आईटीडीए देहरादून नियुक्त किया गया है। तीरथपाल सिंह से स्मार्ट सिटी का अतिरिक्त प्रभार हटा दिया गया है। जय भारत सिंह को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी से अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय भेजा गया है।

श्याम सिंह राणा को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून बनाया गया है। नारायण सिंह नबियाल को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर से चमोली और विवेक प्रकाश को अपर जिलाधिकारी चमोली से अपर आयुक्त गन्ना-चीनी काशीपुर एवं प्रधान प्रबंधक चीनी मिल किच्छा की जिम्मेदारी दी गई है।

कुंभ मेला-2027 के लिए भी नई तैनाती

हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच शासन ने मेला प्रशासन में भी अधिकारियों की तैनाती की है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर से अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है। वहीं गोपाल राम बिनवाल को नगर आयुक्त रुड़की से उप मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा जितेन्द्र कुमार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं सीएएलए की जिम्मेदारी दी गई है। स्मिता परमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून से नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की बनाया गया है।

रविन्द्र सिंह बिष्ट को नगर आयुक्त काशीपुर से अपर जिलाधिकारी बागेश्वर, निर्मला बिष्ट को उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर से अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऊधमसिंह नगर और नुपूर वर्मा को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी से नगर आयुक्त रुद्रपुर बनाया गया है।

कमलेश मेहता को डिप्टी कलेक्टर टिहरी से अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग, विनोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ऊधमसिंह नगर तथा परितोष वर्मा को नगर आयुक्त हल्द्वानी से नगर आयुक्त काशीपुर नियुक्त किया गया है।

कौस्तुभ मिश्र को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ऊधमसिंह नगर से उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर भेजा गया है।

शासन की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और इसकी आख्या संबंधित अनुभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में हुए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक कार्यों और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page