देहरादून पुलिस में बड़ा फेरबदल, 21 उपनिरीक्षकों के तबादले, एक स्थानांतरण आदेश निरस्त

–कई थाना क्षेत्रों में बदले गए उप निरीक्षक, पुलिस लाइन से भी अधिकारियों को मिली नई तैनाती, अजय प्रकाश भट्ट का पूर्व स्थानांतरण आदेश निरस्त
खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड पुलिस महकमे में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। देहरादून जिले में नागरिक पुलिस के उप निरीक्षक और अपर उप निरीक्षक स्तर के कुल 21 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। तबादलों के साथ ही एक पूर्व में जारी स्थानांतरण आदेश को भी निरस्त किया गया है।
तबादला सूची में देहरादून शहर के कई महत्वपूर्ण थानों और चौकियों में तैनात अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। वसंत विहार, कैंट, डोईवाला, नेहरू कॉलोनी, सहसपुर, पटेलनगर, कोतवाली नगर, प्रेमनगर, रायपुर, ऋषिकेश, रायवाला, विकासनगर और क्लेमेन्टाउन थाना क्षेत्रों में नई तैनाती दी गई है।
आदेश के अनुसार उप निरीक्षक दुर्गेश कोठियाल को वसंत विहार के वरिष्ठ उप निरीक्षक पद से कैंट का वरिष्ठ उप निरीक्षक बनाया गया है, जबकि ओमप्रकाश को कैंट से वसंत विहार भेजा गया है। मनोहर सिंह रावत को डोईवाला से नेहरू कॉलोनी का वरिष्ठ उप निरीक्षक बनाया गया है। वहीं राजीव धारीवाल का सहसपुर से बसंत विहार तबादला किया गया है।
मुकेश थलेडी को आईएसबीटी ऋषिकेश चौकी प्रभारी से पटेलनगर का वरिष्ठ उप निरीक्षक बनाया गया है। प्रवीन पुण्डीर सहसपुर से पटेलनगर थाना भेजे गए हैं, जबकि प्रमोद शाह को पटेलनगर से कोतवाली नगर की जिम्मेदारी दी गई है। दिनेश चमोली को पुलिस लाइन से आईएसबीटी ऋषिकेश चौकी प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा रवि प्रसाद कवि और अमन चड्ढा को क्रमश: प्रेमनगर और कोतवाली नगर से एसआईएस शाखा भेजा गया है। एसआईएस शाखा में तैनात सोमवीर को रायपुर थाना और जसपाल गुँसाई को सहसपुर थाने का वरिष्ठ उप निरीक्षक बनाया गया है।
मुकेश नेगी को बसंत विहार से ऋषिकेश थाना, विनेश कुमार को त्रिवेणीघाट से एम्स ऋषिकेश चौकी और देवेन्द्र पंवार को एम्स ऋषिकेश से त्रिवेणीघाट चौकी भेजा गया है। पुलिस लाइन में तैनात सचिन पुण्डीर को डोईवाला थाने का वरिष्ठ उप निरीक्षक बनाया गया है।
वहीं मुकेश कुमार को प्रेमनगर से रायवाला, जगदम्बा प्रसाद को रायवाला से प्रेमनगर और चन्द्रशेखर नोटियाल को विकासनगर से प्रेमनगर थाना भेजा गया है। अपर उप निरीक्षक देवेन्द्र नेगी को पुलिस लाइन से पटेलनगर थाना तथा मनमोहन को पुलिस लाइन से क्लेमेन्टाउन थाना तैनाती दी गई है।
अजय प्रकाश भट्ट का तबादला निरस्त
तबादला आदेश में एक महत्वपूर्ण संशोधन भी किया गया है। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस अजय प्रकाश भट्ट का थाना विकासनगर से थाना कैंट के लिए किया गया पूर्व स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया है। यह स्थानांतरण आदेश 8 सितंबर 2026 को जारी किया गया था, जिसे अब तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग के इस फेरबदल को जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में प्रशासनिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी होगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






उत्तराखंड शासन ने आईपीएस अधिकारियों के दायित्वों में किया बदलाव, रिद्धिम अग्रवाल से आईजी लॉ एंड ऑर्डर का प्रभार हटा 