हर स्नान पर्व के लिए पहले से तैयार हो प्लान, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, सीसीटीवी और ड्रोन व्यवस्था की भी समीक्षा: बोले एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान, देखिये वीडियो

-कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे एडीजी प्रशासन
खबर डोज, हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान हरिद्वार पहुंचे और पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में कुंभ मेले की प्रारंभिक तैयारियों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीजी प्रशासन ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान प्रत्येक स्नान पर्व महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी स्नान पर्वों को ध्यान में रखते हुए पहले से स्पष्ट और प्रभावी प्लान तैयार किया जाए। स्नान पर्वों पर आवश्यकता के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला हरिद्वार आयुष अग्रवाल के प्रस्तुतीकरण से हुई। उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी अधिकारियों के सामने रखी। इसके बाद एडीजी प्रशासन ने पुलिस विभाग से संबंधित बड़े और छोटे निर्माण कार्यों तथा अनुरक्षण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

बैठक में निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन और उसमें लगाए जाने वाले उपकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कुंभ मेले के दौरान स्थापित होने वाली पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थाना और चौकियों के अलावा कुंभ कोर क्षेत्र में प्रस्तावित होल्डिंग और पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण तथा भूमि अधिग्रहण की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयार आपात योजना की समीक्षा करते हुए अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा अतिरिक्त उपकरणों की जरूरत पर भी जानकारी ली गई। इसके साथ ही कुंभ क्षेत्र में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की उपलब्धता, कैमरे और ड्रोन लगाए जाने वाले स्थानों, वाहनों की उपलब्धता और अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता की समीक्षा की गई।
बैठक में कुंभ मेले के लिए अवमुक्त बजट, अतिरिक्त बजट की आवश्यकता और पुलिस कार्मिकों की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एडीजी प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाने और निर्धारित समय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, आईजी बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह, एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे, एसपी जीआरपी अरुणा भारती, एसपी यातायात/अपराध हरिद्वार निशा यादव सहित पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







