विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कुमाऊं पुलिस में बड़ा फेरबदल, 29 निरीक्षकों के तबादले, IG निवेदिता कुकरेती ने जारी किए आदेश

–ऊधमसिंहनगर से सबसे ज्यादा 12 निरीक्षकों का हुआ स्थानांतरण, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चम्पावत और बागेश्वर में भी बदले गए अधिकारी
खबर डोज, नैनीताल। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस महकमे में तबादलों का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में कुमाऊं परिक्षेत्र में पुलिस महानिरीक्षक (IG) निवेदिता कुकरेती ने निरीक्षक स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 29 निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किए गए इस फेरबदल के तहत लंबे समय से एक ही जनपद में तैनात और चुनावी ड्यूटी से जुड़े निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक, उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय देहरादून के पत्र, उत्तराखंड शासन के निर्देशों और भारत निर्वाचन आयोग की स्थानांतरण नीति के तहत की गई है। निर्देशों के अनुसार ऐसे पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाना है, जिन्होंने पिछले चार वर्षों में से तीन वर्ष एक ही जनपद में सेवाएं दी हैं अथवा पिछले विधानसभा चुनाव या उसके बाद हुए उपचुनाव में संबंधित जनपद में तैनात रहे हैं।
ऊधमसिंहनगर से सबसे ज्यादा तबादले
जारी सूची के मुताबिक ऊधमसिंहनगर जनपद से सबसे अधिक 12 निरीक्षकों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। इनमें भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, धीरेन्द्र कुमार, हरेन्द्र चौधरी, मनोहर दसौनी, राजेन्द्र सिंह डांगी, महिला निरीक्षक बसन्ती आर्या, प्रकाश सिंह, नरेश चौहान, संजय पाठक, बिजेन्द्र साह, अशोक कुमार और श्याम सिंह रावत शामिल हैं।
इनमें भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, धीरेन्द्र कुमार, राजेन्द्र सिंह डांगी और अशोक कुमार को नैनीताल भेजा गया है। हरेन्द्र चौधरी, मनोहर दसौनी, प्रकाश सिंह, संजय पाठक और बिजेन्द्र साह को चम्पावत भेजा गया है। वहीं बसन्ती आर्या और नरेश चौहान को अल्मोड़ा तथा श्याम सिंह रावत को बागेश्वर स्थानांतरित किया गया है।
अन्य जनपदों से भी बदले गए निरीक्षक
नैनीताल से निरीक्षक हरपाल सिंह को बागेश्वर और दिनेश सिंह फर्त्याल को पिथौरागढ़ भेजा गया है।
अल्मोड़ा से निरीक्षक देवेश कुमार पाण्डेय और मदन मोहन जोशी को नैनीताल, जबकि अशोक कुमार, हेम चन्द्र पन्त, देवेन्द्र सिंह नेगी और योगेश उपाध्याय को ऊधमसिंहनगर स्थानांतरित किया गया है। निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी को चम्पावत भेजा गया है।
पिथौरागढ़ से निरीक्षक संजीव कुमार का तबादला ऊधमसिंहनगर किया गया है। चम्पावत से महिला निरीक्षक पुनीता बलौदी और निरीक्षक बची सिंह बिष्ट को नैनीताल, जबकि चेतन रावत को ऊधमसिंहनगर भेजा गया है।
वहीं बागेश्वर से निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी और महिला निरीक्षक श्वेता दिगारी को ऊधमसिंहनगर तथा निरीक्षक सलाहुद्दीन और त्रिलोक राम बगरेठा को नैनीताल स्थानांतरित किया गया है।
तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश
आईजी निवेदिता कुकरेती ने संबंधित जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती वाले जनपदों के लिए कार्यमुक्त किया जाए। साथ ही आदेश के अनुपालन की सूचना आईजी कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए।
चुनाव से पहले कुमाऊं मंडल में निरीक्षक स्तर पर हुए इस बड़े फेरबदल को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि आगामी दिनों में पुलिस विभाग में अन्य स्तरों पर भी तबादलों की सूची जारी होती है या नहीं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









