कोटद्वार में TET परीक्षा में पकड़ा गया मुन्ना भाई, दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का आरोप, युवक हिरासत में

-शिकायत पर परीक्षा केंद्र पहुंचा पुलिस-प्रशासन, एडमिट कार्ड और अभ्यर्थी की पहचान का किया गया मिलान
खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड में मंगलवार को आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के दौरान कोटद्वार में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का कथित मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान परीक्षा दे रहे एक युवक की पहचान को लेकर संदेह सामने आने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक काशीपुर निवासी अभ्यर्थी विशाल कुमार के स्थान पर कोई अन्य युवक कोटद्वार स्थित परीक्षा केंद्र में TET की परीक्षा दे रहा है। सूचना मिलने के बाद राम कंडवाल के नेतृत्व में संघ की टीम परीक्षा केंद्र पहुंची और स्कूल प्रबंधन को अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड दिखाते हुए पूरे मामले की जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, विशाल कुमार के संबंध में जानकारी मिली थी कि दो दिन पहले उसका एक्सीडेंट हुआ था। हादसे में उसके चेहरे पर चोट के निशान भी आए थे। इसी आधार पर संघ की ओर से परीक्षा केंद्र में मौजूद अभ्यर्थी की पहचान की जांच करने और एडमिट कार्ड पर लगी फोटो से उसका मिलान कराने की मांग पुलिस-प्रशासन से की गई।
शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान परीक्षा दे रहे युवक की पहचान को लेकर संदेह सामने आया। इसके बाद संबंधित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हिरासत में लिया गया युवक वास्तव में किसी दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था या मामला पहचान को लेकर किसी अन्य कारण से सामने आया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
कोटद्वार में सामने आए इस मामले के बाद TET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







