एसएसपी कार्यालय में तैनात महिला पुलिसकर्मी से छेड़छाड़ के मामले में बड़ा कदम, पीड़िता का तबादला, आरोपी होमगार्ड भी हटाया

ख़बर शेयर करें -

-एसएसपी कार्यालय में तैनाती के दौरान महिला पुलिसकर्मी ने होमगार्ड पर लगाए थे छेड़छाड़ के आरोप, सिडकुल थाने में दर्ज है मुकदमा, मामले की जांच जारी

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी के साथ छेड़छाड़ के कथित मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर सिडकुल थाने में होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद अब पीड़िता का जिले की एक कोतवाली में तबादला कर दिया गया है। वहीं, आरोपी होमगार्ड को भी एसएसपी कार्यालय से हटा दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, एसएसपी कार्यालय में तैनात महिला पुलिसकर्मी ने होमगार्ड कुलदीप पर छेड़छाड़ के आरोप लगाते हुए सिडकुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला पुलिस विभाग से जुड़ा होने के कारण इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।

इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि पीड़ित महिला पुलिसकर्मी को एसएसपी कार्यालय से हटाकर जिले की एक कोतवाली में तैनाती दी गई है। वहीं, आरोपी होमगार्ड कुलदीप को भी फिलहाल एसएसपी कार्यालय से हटा दिया गया है। हालांकि, पीड़िता के तबादले को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।

इस संबंध में होमगार्ड कमांडेंट गौतम कुमार ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी की ओर से होमगार्ड कुलदीप पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी होमगार्ड को संबंधित स्थान से हटा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

अब इस मामले में पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। साथ ही पीड़ित महिला पुलिसकर्मी के तबादले को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।

You cannot copy content of this page