चोरी का विरोध करने पर बुजुर्ग सेवादार की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

खबर डोज, हरिद्वार। भोगपुर स्थित एक मंदिर में बुजुर्ग सेवादार राजवीर की निर्मम हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने महज़ 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी और चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। इस तेज कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शराब का आदी है और 11 अप्रैल की रात चोरी के इरादे से मंदिर में घुसा था। ताला तोड़ते समय पास में सो रहे बुजुर्ग सेवादार राजवीर की नींद खुल गई। खुद को पकड़े जाने के डर से आरोपी ने हथौड़ी से उनके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंदिर से इन्वर्टर, एम्पलीफायर और चढ़ावे की नकदी लेकर फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। बुधवार को जब आरोपी टांडा भागमल क्षेत्र में चोरी का सामान ठिकाने लगाने पहुंचा, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ी, पेचकस और चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ।
अंधे कत्ल का इतनी जल्दी खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की जमकर तारीफ की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में सीओ देवेंद्र सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







