हरिद्वार में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पहले दिन करीब 19 हजार बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार, 28 जून 2026 को बूथ दिवस का शुभारंभ शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भूपतवाला में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मदन कौशिक ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लक्ष्य को मजबूत किया जा सके।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने कैबिनेट मंत्री को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में पार्षदगण, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, नगरीय हरिद्वार के नोडल अधिकारी डॉ. शादाब सिद्दिकी, अवनीश तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बूथ दिवस पर नगरीय हरिद्वार क्षेत्र में कुल 216 पोलियो बूथ स्थापित किए गए, जिनमें 79 ट्रांजिट बूथ और 21 मोबाइल टीमें भी शामिल रहीं। पहले दिन लगभग 19,000 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 29 जून से 4 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। विभाग ने सभी अभिभावकों से सहयोग करने और अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।

You cannot copy content of this page