स्वतंत्रता दिवस पर अपर पुलिस अधीक्षक पौड़ी मनोज ठाकुर समेत 9 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, पौड़ी। स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट, उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। इस सम्मान सूची में जनपद पौड़ी गढ़वाल के कुल नौ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के नाम शामिल होना जनपद पुलिस के लिए गौरव का विषय है।

15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, उच्च कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट परिचय देने वाले पौड़ी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक स्तर से सम्मान प्रदान किया गया।

विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस राजाराम डोभाल, मुख्य आरक्षी 186 शशिकान्त, मुख्य आरक्षी 220 एवं कोर्ट पैरोकार रामप्रसाद, आरक्षी 437 नागरिक पुलिस युगल किशोर गौड, आरक्षी 24 जमशेद अली तथा आरक्षी 205 अनुज कुमार को सम्मानित किया गया।

वहीं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस कमलेश शर्मा एवं उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस अनिल चौहान को सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सभी सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को भविष्य में भी इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली से न केवल पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ती है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों की उपलब्धि को जनपद पौड़ी के लिए गौरवपूर्ण बताया।

पौड़ी पुलिस परिवार की ओर से भी सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस विभाग ने कहा कि इन पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण अन्य पुलिस कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उनकी यह उपलब्धि पुलिस बल के अन्य सदस्यों को भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगी।

You cannot copy content of this page