21 आपराधिक मामले हैं दर्ज, फिर भी चल रहा था नशे का कारोबार, सीआईयू कोटद्वार ने लाखों की चरस समेत किया गिरफ्तार

खबर डोज, कोटद्वार। नशा तस्करी के खिलाफ पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.046 किलोग्राम चरस के साथ एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस के परिवहन में प्रयुक्त मारुति 800 कार को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, जबरन वसूली, आर्म्स एक्ट, बलवा, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और नशा तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कोटद्वार पुलिस, एएनटीएफ और सीआईयू की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर सोनी उर्फ सुनील देवरानी निवासी गाड़ीघाट, कोटद्वार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.046 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चरस के परिवहन में प्रयुक्त मारुति 800 कार संख्या UA-07F-9878 को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
इस मामले में कोतवाली कोटद्वार में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की ओर से आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने पर उसके खिलाफ पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, जबरन वसूली, आर्म्स एक्ट, बलवा, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी कोतवाली कोटद्वार का हिस्ट्रीशीटर भी है।
पुलिस टीम में सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत तोमर, उपनिरीक्षक सुशील चौधरी, अपर उपनिरीक्षक एहसान अली, हेड कांस्टेबल उत्तम, कांस्टेबल अवनीश, कोतवाली कोटद्वार से उपनिरीक्षक शोएब अली और हेड कांस्टेबल योगेंद्र शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







