पीएम की अपील: आवास से पैदल दफ्तर पहुंचे डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित, बोले आमजन भी करें ईंधन की बचत, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। प्रधानमंत्री की पेट्रोल-डीजल बचत को लेकर की गई अपील का असर अब सरकारी दफ्तरों में भी दिखाई देने लगा है। हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने सरकारी वाहनों का इस्तेमाल छोड़ पैदल ही कार्यालय पहुंचकर एक नई पहल की शुरुआत की।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित अपने आवास से पैदल चलते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम को पैदल कार्यालय आते देख कई अधिकारी और कर्मचारी भी प्रेरित हुए और कुछ कर्मचारी साइकिल, दोपहिया वाहन या पैदल ही दफ्तर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों की यह पहल अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

जिलाधिकारी के अलावा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा भी जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होने पैदल पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए यह छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पहल है।

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद सभी अधिकारी और कर्मचारियों से सरकारी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि इसका सकारात्मक असर सरकारी कार्यालयों में दिखाई देने लगा है।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी आगे नियमित रूप से आवास से कलेक्ट्रेट तक पैदल ही आया करेंगे, ताकि अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी इससे प्रेरणा लें। डीएम ने आमजन से भी पेट्रोल और डीजल की बचत करने तथा जरूरत पड़ने पर पैदल चलने या साझा परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की।

प्रशासन की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page