नदियां खुली नहीं, फिर भी कोटद्वार की खोह नदी में अवैध खनन का खेल जारी, एलआईयू से भी मजबूत है नेटवर्क, वीडियो वायरल

–गाड़ीघाट से बाजार तक सुबह तड़के सक्रिय हो जाते हैं खनन माफिया, अधिकारियों की आवाजाही पर नजर रखने का भी आरोप
खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार की खोह नदी में अवैध खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। नदियों में खनन की अनुमति नहीं होने के बावजूद खनन सामग्री का अवैध तरीके से उठान किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। इससे जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खोह नदी में अवैध खनन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दे रही है।
स्थानीय स्तर पर सामने आ रही जानकारी के अनुसार, गाड़ीघाट से लेकर बाजार क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सुबह तड़के ही कथित खनन गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। आरोप है कि खनन माफिया बेखौफ होकर नदी से खनन सामग्री निकालने में जुटे हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की बात कही जा रही है।
अधिकारियों की आवाजाही पर नजर रखने का आरोप
अवैध खनन के इस कथित नेटवर्क को लेकर एक और गंभीर आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि खनन माफिया से जुड़े लोगों की एक टीम एसडीएम आवास के बाहर सड़क पर तैनात रहती है। आरोप है कि ये लोग अधिकारियों की आवाजाही पर नजर रखते हैं और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाते हैं। हालांकि, इस कथित नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
वीडियो वायरल, कार्रवाई पर निगाहें
खोह नदी में अवैध खनन का वायरल वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली नजर आने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि नदी में खनन की अनुमति नहीं है, तो आखिर खनन सामग्री का उठान और परिवहन किसकी निगरानी में हो रहा है?
अब जिला प्रशासन और खनन विभाग की भूमिका पर निगाहें टिकी हैं। जरूरत है कि वायरल वीडियो की जांच कर अवैध खनन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







