लैंसडौन कोतवाली पहुंचे एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास मजबूत करने पर दिया जोर, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और नागरिक सेवाओं का किया निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

खबर डोज, कोटद्वार। अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने रविवार को जनपद पौड़ी की कोतवाली लैंसडाउन का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग में प्रोफेशनलिज्म, जवाबदेही और पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए अपराध नियंत्रण के साथ आमजन का विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने आगंतुक रजिस्टर, अपराध पंजिका तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों के रख-रखाव और उनकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

एडीजी ने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ ही लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बीट पुलिसिंग, नियमित गश्त और सर्विलांस व्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और आमजन को साइबर ठगी के प्रति लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एडीजी ने महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सरकारी संपत्ति के संरक्षण, थाना परिसर की स्वच्छता और अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एडीजी ने स्पष्ट किया कि प्रभावी पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और पुलिस के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करना भी है।

You cannot copy content of this page