तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट का सिडकुल पुलिस ने किया खुलासा, रायपुर में महिला के अपहरण के मामले से भी जुड़े आरोपियों के तार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

-रायपुर में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले से भी जुड़े आरोपियों के तार, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

खबर डोज, हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के तार देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले से भी जुड़े हुए हैं, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लर

पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि वह 23 सितंबर को देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से अपने साथियों के साथ हरिद्वार आ गया था। 24 सितंबर को सभी साथी पेंटागन मॉल के पीछे नदी किनारे पहुंचे और शराब पी। पैसों की कमी होने पर उन्होंने कच्चे रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार को रोककर तमंचे के बल पर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया और फरार हो गए।

एसपी सिटी हरिद्वार दीपक सिंह

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके दो साथी लूटी गई बाइक और मोबाइल बेचने के लिए गए थे, जो अब तक वापस नहीं लौटे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक पुत्र दिलीप कुमार, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर, तथा आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल मनीष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You cannot copy content of this page