देहरादून और ऊधमसिंह नगर में तबादला सूची जारी, पौड़ी के पुलिसकर्मियों को अब भी इंतजार, आखिर कब जागेगा पुलिस मुख्यालय?

ख़बर शेयर करें -

–एक ही थाने में लंबे समय से तैनात कई सिपाही, तबादला सूची जारी न होने से पुलिसकर्मियों में असमंजस, क्या पौड़ी जिले के लिए अभी और करना होगा इंतजार?

खबर डोज, पौड़ी। उत्तराखंड पुलिस महकमे में तबादलों का दौर लगातार जारी है। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों और लंबे समय से एक ही जनपद अथवा थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण को लेकर अलग-अलग जिलों में सूचियां जारी की जा रही हैं। देहरादून और ऊधमसिंह नगर जनपद में पुलिसकर्मियों की तबादला सूची जारी होने के बाद अब पौड़ी जिले के पुलिसकर्मियों की निगाहें भी स्थानांतरण सूची पर टिकी हुई हैं।

हैरानी की बात यह है कि देहरादून और ऊधमसिंह नगर में तबादलों की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है, लेकिन पौड़ी जनपद में अभी तक संबंधित सूची जारी नहीं हुई है। जिले के कई थानों में ऐसे पुलिसकर्मी तैनात बताए जा रहे हैं, जो लंबे समय से एक ही थाने में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इन पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण को लेकर निर्णय कब लिया जाएगा?

विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए पुलिस महकमे में पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था बनाए रखने के लिए लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अन्य जनपदों में जब तबादलों को लेकर आदेश जारी हो रहे हैं तो पौड़ी जिले में देरी की वजह क्या है? क्या विभागीय स्तर पर सूची तैयार नहीं हुई है या फिर किसी प्रशासनिक निर्णय का इंतजार किया जा रहा है?

पौड़ी जनपद के पुलिसकर्मियों को भी यह जानने का इंतजार है कि उनकी तबादला सूची आखिर कब जारी होगी। पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस प्रशासन को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि लंबे समय से स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे पुलिसकर्मियों का असमंजस दूर हो सके।

अब सवाल यही है कि जब दूसरे जिलों में तबादलों की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है तो पौड़ी जिले की बारी कब आएगी? क्या यहां के पुलिसकर्मियों को सूची जारी होने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा?

You cannot copy content of this page