कोटद्वार में छह घंटे बिजली कटौती, एक नवंबर को सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगी बिजली

–132 केवी उपकेंद्र जशोधरपुर में दीपावली मेंटेनेंस कार्य के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ेगा असर
खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एक नवंबर को छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत वितरण खंड कोटद्वार से जुड़े सभी क्षेत्रों में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली गुल रहेगी। इस दौरान घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही औद्योगिक इकाइयों को भी बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की ओर से 132 केवी उपकेंद्र जशोधरपुर में दीपावली मेंटेनेंस वर्क के तहत विद्युत लाइनों और उपकरणों का अनुरक्षण कार्य कराया जाएगा। इसी कारण उपकेंद्र से जुड़े समस्त कोटद्वार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
यूपीसीएल कोटद्वार की अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल ने बताया कि एक नवंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि यह शटडाउन अनुरक्षण कार्य के लिए आवश्यक है, ताकि विद्युत लाइनों और उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही भविष्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखी जा सके।
बिजली कटौती का असर कोटद्वार के तीनों औद्योगिक क्षेत्रों पर भी पड़ेगा। लालढांग फीडर से जुड़े औद्योगिक क्षेत्रों में भी इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं, मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं होने की स्थिति में बिजली कटौती की अवधि एक से दो घंटे तक बढ़ाई भी जा सकती है।
यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए पानी, जरूरी घरेलू कार्यों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले ही पूरा कर लें, ताकि छह घंटे की बिजली बंदी के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









